करो दीप-ज्योतित (दीपावली विशेष कविता)- चन्द्रगुप्त प्रसाद वर्मा "अकिंचन"

तिमिर की झलक अब क्षितिज छोर पे है,
ये श्याम-आँचल को अपने उड़ाने न पाए।
करो दीप-ज्योतित, स्नेह भर-भर के इतने,
तमिस्रा धरा पे तनिक भी ठहरने न पाए!

बरसो, शलभ, तुम दीप की वर्तिका पर,
रहे ध्यान इतना, ज्योति बुझने न पाए।
निशि भर जले दीप, तुम भी जलो पर,
ज्योति का पर्व मावस निगलने न पाए!

करो दीप-ज्योतित, दीप-मालिका सजाओ,
तिमिर पावन धरा पर कहीं उतरने न पाए।
दीप कज्जल बनाए, जो तमावृत धूम्र रेखा,
कलुषमय वर्तिका-तन को करने न पाए!

मद मावस की मदिरा से सींचो गले को,
कदम पर तनिक भी बहकने न पाए।
लिए ज्योति का भार, प्रखरित रहो दीप,
सुधारस-कलश का छलकने भी न पाए!


— चन्द्रगुप्त प्रसाद वर्मा "अकिंचन", 
     गोरखपुर , उत्तर प्रदेश 
चलभाष: 9305988252

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका