दीप जलता रहे(दीपावली विशेष कविता) - राम किशोर पाठक

दीप जलता रहे,
स्नेह पलता रहे।

प्रेम का दान हो,
नेह से मान हो।
लोक-कल्याण हो,
शोक से त्राण हो।
पुण्य फलता रहे,
दीप जलता रहे। 

मुक्त हो दोष से,
दंभ के रोष से।
जी सके तोष से,
शुभ्र जयघोष से।
स्याह खलता रहे,
दीप जलता रहे। 

प्रेम के संग में,
दिव्यता अंग में।
सौम्य हो ढंग में,
भाव नवरंग में।
नित्य चलता रहे,
दीप जलता रहे। 

कर्म पावन करें,
धर्म का पथ धरें।
पीर सबकी हरें,
बोध सबमें भरें।
भेद गलता रहे,
दीप जलता रहे। 

योग्यता को गढ़ें,
श्रेष्ठता को बढ़ें,
शीर्षता को चढ़ें,
भव्यता को मढ़ें।
दंश ढलता रहे,
दीप जलता रहे। 


- राम किशोर पाठक
प्रधान शिक्षक
सियारामपुर, पालीगंज, पटना, बिहार
संपर्क: 9835232978

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका