डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफ़री की बहुप्रतीक्षित पुस्तक 'हिन्दी ग़ज़ल का इतिहास'का प्रकाशन सुखद है।हिन्दी ग़ज़ल के साहित्यिक इतिहास में इस पुस्तक का प्रकाशन एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। हिन्दी ग़ज़ल लेखन की परम्परा काफ़ी पुरानी रही है। विशेष रूप से दुष्यंत कुमार के बाद हिन्दी ग़ज़ल ने जिस व्यापकता के साथ अपनी पहचान बनाई, वह उल्लेखनीय है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग़ज़ल-संग्रह और आलोचनात्मक पुस्तकें प्रकाशित हुईं हैं।
आज हिन्दी ग़ज़ल केवल मनोरंजन या मंचीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने सामाजिक सरोकारों, वैचारिक चेतना और रचनात्मक सामर्थ्य के कारण हिन्दी साहित्य की एक सशक्त काव्य-विधा के रूप में प्रतिष्ठित हो चुकी है। हिन्दी ग़ज़ल के पास अपने समर्थ और गंभीर आलोचक भी हैं, इसके बावजूद आश्चर्य है कि इसके समग्र इतिहास को क्रमबद्ध और व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने वाली पुस्तक के लिए इतना लंबा इंतज़ार करना पड़ा। मुझे आरंभ से विश्वास था कि हिन्दी ग़ज़ल का व्यवस्थित इतिहास-लेखन कोई गंभीर अध्येता, विशेषकर अकादमिक जगत से जुड़ा विद्वान ही कर सकता है। क्योंकि इतिहास-लेखन केवल तथ्यों और घटनाओं का संकलन मात्र नहीं होता, बल्कि किसी विधा की परम्परा, विकासक्रम और रचनात्मक प्रवृत्तियों को गहराई से समझने तथा उन्हें तार्किक और कालक्रमानुसार व्यवस्थित करने का कार्य है। प्रसन्नता है कि डॉ. जाफ़री इस विश्वास पर खरे उतरे हैं। उन्होंने हिन्दी ग़ज़ल की पूर्वपीठिका, नामकरण, काल-विभाजन, प्रतिनिधि ग़ज़लकारों, शिल्प, भाषा, प्रमुख प्रवृत्तियों तथा आलोचना एवं शोध के विविध पक्षों को समेटकर इस अभाव की पूर्ति का महत्त्वपूर्ण प्रयास किया है।
हिन्दी ग़ज़ल का इतिहास' को हिन्दी ग़ज़ल का पहला व्यवस्थित इतिहास-ग्रंथ कहा जा सकता है। निश्चय ही यह पुस्तक हिन्दी ग़ज़ल के शोधार्थियों, अध्येताओं, ग़ज़लकारों, आलोचकों और ग़ज़ल-प्रेमियों के लिए समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी। हिन्दी ग़ज़ल की विकास-यात्रा को समझने और भविष्य के शोध एवं आलोचनात्मक विमर्श को दिशा देने की दृष्टि से भी इसका विशेष महत्त्व है। मुझे विश्वास है कि यह पुस्तक हिन्दी ग़ज़ल के इतिहास-लेखन में एक महत्त्वपूर्ण संदर्भ-ग्रंथ के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।
हालाँकि, पुस्तक का अंकित मूल्य कुछ कम रखा जा सकता था, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी और शोधार्थी भी इसे सहजता से खरीद सकें। अस्थायी छूट अपनी जगह है, लेकिन पुस्तक का अंकित मूल्य स्थायी होता है और विद्यार्थी अपने सीमित बजट के अनुसार ही पुस्तकें खरीदते हैं। इसलिए ऐसी अकादमिक पुस्तकों के मूल्य निर्धारण में उनकी क्रय-क्षमता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
बहरहाल, हिन्दी ग़ज़ल के इतिहास-लेखन की दिशा में इस महत्त्वपूर्ण और श्रमसाध्य कार्य के लिए डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफ़री जी का यह कार्य ऐतिहासिक माना जाएगा।
पुस्तक - हिंदी ग़ज़ल का इतिहास
लेखक - डॉ.जियाउर रहमान जाफरी
वर्ष 2026, श्वेतवर्णा प्रकाशन, नोएडा
मूल्य -599,पृष्ठ -220
~ डॉ. अविनाश भारती