हठी तिमिर की हो रही
आज हर जगह जीत,
पर बुझ-बुझ जलना पुनः
है दीपों की रीत।
तिल-तिल घुटती, टूटती
ले प्यासे अरमान,
क्या अबला, क्या वर्तिका
जलती हैं अविराम।
आज आसुरी शक्तियाँ
करें घात-प्रतिघात,
उनसे लोहा ले रहे
जलें दीप दिन-रात।
रग-रग पसरी पीर है,
तिल-तिल जलती देह,
बाती भभक-भभक रही,
शेष कहाँ अब नेह!
जब तक मन में साँस है,
जब तक तन में आस,
नित्य सजे दीपावली,
ले नूतन विश्वास।
देती है संदेश यह
जगमग दीपक-ज्योति,
जीवन है बस जूझना,
ब्रह्ममुहूर्त प्रतीति।
— भगवती प्रसाद द्विवेदी,
पटना, बिहार