जगजीत: जिंदगी का सफर (पुस्तक समीक्षा)- डॉ. अनुज प्रभात,

पुस्तक समीक्षा :
जगजीत: जिंदगी का सफर
लेखक: प्रदीप कुमार शुक्ला
मूल्य: 245 रुपये
प्रकाशक: इंडिया नेटबुक्स पब्लिकेशन, नोएडा - 201301
समीक्षक: डॉ. अनुज प्रभात, फारबिसगंज (अररिया)
जगजीत सिंह: ग़ज़ल सम्राट के जीवन का अंतरंग दस्तावेज़
भारतीय संगीत जगत में 'ग़ज़ल सम्राट' के रूप में अमर हो चुके जगजीत सिंह का व्यक्तित्व और कृतित्व जितना प्रेरणादायी है, उतना ही उनके जीवन का संघर्ष-पथ भी अनूठा रहा है। प्रदीप कुमार शुक्ला द्वारा रचित कृति 'जगजीत सिंह: जिंदगी का सफर' एक ऐसी जीवंत जीवनी है, जो उनके कलात्मक अवदान के साथ-साथ उनके जीवन के उतार-चढ़ावों और मानवीय पक्षों को बेहद संवेदनशीलता के साथ रेखांकित करती है।
पुस्तक के आरंभिक पृष्ठों में डॉ. संजीव कुमार की सारगर्भित भूमिका के साथ-साथ डॉ. मनोरमा और एनसीईआरटी के प्रकाशन विभाग के सहायक संपादक शिव मोहन यादव के आत्मीय उद्गार पुस्तक की प्रामाणिकता और महत्ता को और पुख्ता करते हैं। लेखक ने जगजीत सिंह के समूचे जीवन-वृत्त को दस खंडों में विभाजित किया है— 'जीवन की शुरुआत', 'वो दौर...', 'सफलता की ओर बढ़ते कदम', 'जैसा पिता वैसा बेटा', 'फिल्मी सफर', 'अनेक रंग जिंदगी के', 'पत्नी का सहयोग', 'वह स्टार थे', 'ग़ज़ल गायिकी को नया अर्थ दिया' तथा '...और वो चले गए तन्हा छोड़कर'। ये सभी खंड मिलकर उनकी संपूर्ण जीवन-यात्रा का एक मुकम्मल चित्र प्रस्तुत करते हैं।
पहले खंड 'जीवन की शुरुआत' में उनके जन्म से लेकर छह वर्ष की अल्पायु से संगीत-साधना के आरंभ तक की यात्रा को एक नए शिल्प में पिरोया गया है। 8 फरवरी 1941 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में जन्मे जगमोहन सिंह (जगजीत सिंह) के पिता सरदार अमर सिंह धीमान एक सरकारी मुलाजिम थे। प्रारंभिक शिक्षा श्रीगंगानगर, स्नातक जालंधर और स्नातकोत्तर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पूरी करने वाले जगजीत के भीतर संगीत की जो लौ बचपन में जगी थी, उसने आगे चलकर एक महागाथा का रूप लिया। पंडित छगनलाल शर्मा से संगीत की शुरुआती तालीम लेकर उन्होंने ग़ज़ल गायिकी के क्षेत्र में कदम रखा।
द्वितीय खंड 'वो दौर...' में लेखक ने उनके जालंधर से मुंबई तक के संघर्षशील सफर का सजीव चित्रण किया है। इस पड़ाव पर अभिनेता ओम प्रकाश और कई संगीतकारों से उनकी भेंट, रवींद्र कालिया, गिरिजा कुमार माथुर, हरिकृष्ण प्रेमी, सतपाल आनंद जैसे दिग्गज साहित्यकारों की सोहबत के साथ-साथ अभिनेता बनने मुंबई आए 'शो मैन' सुभाष घई के साथ उनके प्रगाढ़ संबंधों का रोचक जिक्र मिलता है। गीता नाम की युवती को बहन बनाने और कुछ समय पश्चात वापस जालंधर लौटने की घटनाएँ उनके जीवन के शुरुआती दिनों की सरलता को दर्शाती हैं।
किसी भी व्यक्ति की जीवनी पारिवारिक सुख-दुख के संस्पर्श के बिना अधूरी होती है। 'जैसा पिता वैसा बेटा' अध्याय में शुक्ला जी ने उनकी सफलता के आसमान छूने के साथ-साथ उनके जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी का भी अत्यंत मर्मस्पर्शी उल्लेख किया है। अस्सी के दशक तक जगजीत सिंह ग़ज़ल गायिकी के आकाश में एक मुकम्मल पहचान बना चुके थे। सुदर्शन फ़ाक़िर (जिनकी रचना से उन्होंने गायकी की शुरुआत की थी), इब्राहिम अश्क़, शाहिद मीर, फ़िराक़ गोरखपुरी, सलीम कौसर, बेखुद देहलवी और गुलज़ार जैसे लब्धप्रतिष्ठित रचनाकारों के कलाम को गाकर उन्होंने अद्वितीय ऊँचाइयाँ छुईं। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; 1990 में अपने इकलौते 18 वर्षीय पुत्र को खोने का असहनीय वज्राघात उनके जीवन पर टूटा। इस असीम दुःख से उबरने के लिए उन्होंने गुरुबाणी के संकलन 'मन जीते जगजीत' नाम से एक अलबम की रचना की। हालांकि, इसी कालखंड में गुलज़ार द्वारा लिखित एवं दूरदर्शन पर प्रसारित धारावाहिक 'मिर्ज़ा ग़ालिब' में उनके द्वारा दिए गए अमर संगीत और गायन ने उन्हें जन-जन के हृदय में अप्रतिम प्रतिष्ठा दिलाई।
उनके फिल्मी सफर की दास्तान भी कम संघर्षपूर्ण नहीं रही। मुंबई ने अपने शुरुआती दौर में उन्हें एक अड़ियल घोड़े की तरह दुलत्ती मारकर गिराया था, किंतु सत्तर के दशक में उन्होंने गुजराती भाषा सीखकर न केवल गुजराती फिल्मों में गीत गाए, बल्कि मोहम्मद रफ़ी और लता मंगेशकर जैसी महान हस्तियों के लिए संगीत-निर्देशन का कार्य भी किया। उनके फिल्मी सफर का स्वर्णिम शिखर 1981 में आया, जब फिल्म 'प्रेमगीत' का गाना "होंठों से छू लो तुम, मेरा गीत अमर कर दो..." गाकर उन्होंने लोकप्रियता के सर्वोच्च सोपान को छू लिया। 1971 से 1993 तक के उनके फिल्मी सफर के कई अनछुए पहलू इस अध्याय में सहजता से उभरे हैं।
'अनेक रंग जिंदगी के' तथा 'पत्नी का सहयोग' जैसे अध्यायों में उनके बचपन से लेकर युवावस्था तक के पड़ावों और चित्रा सिंह के साथ उनके दाम्पत्य जीवन का सुंदर विस्तार मिलता है। अंत के अध्यायों में 'वह स्टार थे', 'ग़ज़ल गायिकी को नया अर्थ दिया' और '...और, वो चले गए, यूँ तन्हा छोड़कर' शीर्षकों के अंतर्गत उनके व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों को समेटते हुए जीवनीकार ने अपनी कृति को सार्थकता प्रदान की है। पुस्तक के बीच-बीच में लता मंगेशकर और गुलज़ार जैसे दिग्गजों के साथ जगजीत जी के दुर्लभ चित्रों का संकलन इसे एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ का रूप देता है।
संक्षेप में कहा जाए तो प्रदीप कुमार शुक्ला की यह पुस्तक केवल एक कलाकार की जीवन-कथा नहीं है, बल्कि उस साधना, विरह और संगीत-समर्पण का जीवंत दस्तावेज़ है, जिसने ग़ज़ल को महलों से निकालकर आम जनमानस की धड़कन बना दिया। यह कृति संगीत-प्रेमियों और शोधार्थियों के लिए एक मूल्यवान धरोहर है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका