चुपके चुपके दिल चुरा लेंगे (ग़ज़ल) -मोईन गिरिडीहवी

बड़ी ही ख़ामुशी से चुपके-चुपके दिल चुरा लेंगे
हमारा वादा है, एक दिन तुम्हें अपना बना लेंगे।

ज़माने की ख़ुशी झोली में तेरी डाल के एक दिन
तेरे ग़म के हैं जितने बोझ भी, वह सब उठा लेंगे।

हम अपनी उंगलियों से फिर सँवारेंगे तेरे गेसु
तेरे दामन में भरने के लिए तारे चुरा लेंगे।

तेरे नाज़ो-अदा ने जिस क़दर हमको सताया है
वह माज़ी के सभी क़िस्से, क़सम से हम भुला लेंगे।

न आने देंगे कोई ज़रब तेरे तन पे ऐ हमदम
चलेंगे जब कभी ख़ंजर, तो सर अपना झुका लेंगे।

तुझे रुस्वा न होने देंगे सनम बज़्मे-याराँ में
दिया है ज़ख़्म जो तूने, उसे सब से छुपा लेंगे।

तू जाता है तो जा, आने का वादा हो, नहीं भी हो
हमारा होगा क्या तन्हाई में? आँसू बहा लेंगे।

ज़माना अह्ले-उल्फ़त को यहाँ जीने नहीं देगा
चलो वीराने में चल कर नई दुनिया बसा लेंगे।


- मोईन गिरिडीहवी 
    पटना-४, बिहार

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका