मन का दीप जलाओ (कविता) - उदय शंकर चौधरी 'नादान'

मन का दीप जलाओ, बंधु, मन का दीप जलाओ!
अंतर्मन को निर्मल कर लो, स्वयं प्रकाश बन छाओ।

ज्ञान-दीप बन जलो धरा पर, ज्योतिपुंज बन जाओ।
मन का दीप जलाओ, बंधु, मन का दीप जलाओ!

बाहर चकाचौंध बहुत है,
मन-मंदिर अंधियारा।
घोर निशा मद मोह-तृषा में,
झुलस रहा जग सारा।

दे प्रकाश जो चीर तिमिर को, तुम सूरज बन जाओ।
मन का दीप जलाओ, बंधु, मन का दीप जलाओ!

सत्कर्मों से उज्ज्वल कर लो,
जीवन के चौबारे।
राह दिखा दे भटके जन को,
हूँ ये कर्म तुम्हारे।

प्रथम किरण भोर की जगमग, बन धरती पर आओ।
मन का दीप जलाओ, बंधु, मन का दीप जलाओ!

परहित जीना सीख गए तो,
कदमों में आकाश झुकेगा।
संघर्षों की कथा तुम्हारी,
एक नया इतिहास लिखेगा।

जीवन की हर शाम दिवाली होगी, मोद मनाओ।
मन का दीप जलाओ, बंधु, मन का दीप जलाओ!


-उदय शंकर चौधरी 'नादान'
कोलहंटा, पटोरी, दरभंगा, बिहार
संपर्क: 9934775009

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका