एक महक थी,
जो उस पौधे की पत्तियों से छनकर आती थी
या शायद उस देह से उठती थी—
दोनों के बीच कोई सरहद न थी।
फिर किसी ने
सहेजने के छद्म में
पौधे को एक नक्काशीदार दायरे में कस दिया,
और महक को सलीके की बंदिशों में बाँध दिया।
वे समझे कि उन्होंने सजा दिया है कोना,
पर वे अनजान थे—
कि हवा के बिना महक दम तोड़ती है,
और महक के बिना पौधा केवल सूखी काठ है।
पृथक होकर दोनों घुटते रहे,
अपनी ही झड़ती साँसों के बीच।
फिर एक रोज़,
बिना किसी कोलाहल के
काँच का वह छद्म-आवरण चटक गया।
महक वापस लौटी अपनी जड़ों के पास,
और जड़ें फैल गईं अनंत आकाश में।
अब न कोई दायरा है, न कोई शर्त,
केवल एक अखंड उपस्थिति है—
जहाँ-जहाँ स्याही बहती है,
वह महक वहीं से साँस लेती है।
- डॉ. प्रीति सुमन
सीतामढ़ी, बिहार