मिट्टी की नन्हीं-नन्हीं सी,
मदिर-मदिर सी टिम-टिम करती.....
स्वप्निल-स्वप्निल प्यारी लगती,
झिलमिल-झिलमिल दियना जलती...
चमचम-चमचम चमक रही है,
जगमग-जगमग दहक रही है।
लपलप-लपलक लौ आलोकित,
झीनी-झीनी छन-छन झरती.....
बिखराती है कनक ज्योत्स्ना,
आश का पाठ पढ़ाती घना।
रश्मि रूप धर लक्ष्मी आती,
रुनझुन-रुनझुन पग-पग चलती...
पल-पल तिल-तिल जल लेती,
संदेश उजालों का देती।
रह लेती गुमसुम-गुमसुम,
निज तल छिपा अँधेरा रखती.....
तेल-ताल में बाती तरती,
जब तक तेल, तम से लड़ती।
दीपशिखा दीप-दीप दमके,
चिलमिल-चिलमिल दृग में करती...
पवन-पवन संग मद्धिम-मद्धिम,
चमचम-चमचम मधुरिम-मधुरिम।
नाच-नाच कभी थिर रहकर,
हँसी लुटाती और थिरकती...
— ममता तिवारी 'मृदुला'