सच्चा रिश्ता (लघुकथा) -जितेन्द्र कुमार गुप्ता

"सुनो, अब तुम्हारे दिन पूरे होने वाले हैं। नौवाँ महीना शुरू हो रहा है!" अनिल ने अपनी पत्नी पूर्वा का हाथ अपने हाथों में लेकर प्यार से कहा, "इस समय तुम्हें विशेष देखभाल और सावधानी की आवश्यकता है। कहो तो तुम्हारी मम्मी को बुला लूँ?"
"क्यों, क्या आवश्यकता है?" पूर्वा ने तत्काल पूछा।
"अरे, मैंने सुना है कि पहली बार माँ बनने वाली किसी भी स्त्री के लिए इस समय अपनी माँ का साथ सबसे अधिक जरूरी होता है।"
"हाँ, बिल्कुल सही सुना है तुमने। किंतु मेरी माँ तो मेरे साथ ही हैं!"
"कहाँ? किधर हैं?" अनिल ने कौतूहलवश पूछा।
"बड़ी भाभी हैं!"
"क्या! मगर...?"
"देखो अनिल, जब से मैं इस घर में आई हूँ, भाभी ने कभी मुझे देवरानी नहीं समझा। उन्होंने हमेशा एक माँ की तरह मेरी देखभाल की है और मेरी चिंता की है। उन्होंने मुझे सदैव अपनी बेटी ही माना है। ऐसे में, इस समय मैं अपनी इस माँ को छोड़कर उस माँ को कैसे बुला सकती हूँ? मेरी माँ तो यहीं हैं। तुम बिल्कुल चिंता मत करो!" पूर्वा ने गर्व और आत्मीयता से कहा।
बंद दरवाजे के बाहर पूर्वा के लिए सूप लेकर खड़ी निःसंतान भाभी वंदना की आँखों से अश्रुधारा बह निकली।
आज उसे एक साथ दो-दो रिश्तों की अनमोल सौगात जो मिल गई थी—माँ का भी और दादी का भी!


— जितेन्द्र कुमार गुप्ता
क्षितिज, इंदौर
सम्पर्क सूत्र: 8818844118
पता: 211-सी, सूर्यदेव नगर, इंदौर (म.प्र.)

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका