मुझे तुमसे प्यार है (छंदमुक्त) - प्रसाद रत्नेश्वर

अँधा होने के पहले

चाहता हूँ

देख लेना तुम्हें

एक बार

जी भर के,

जी भरे या न भरे

भर लेना चाहता हूँ

तुमको

अपनी आँखों में

ताकि रख सकूँ

इसी रूप में

अपने साथ

उम्र भर।

​लँगड़ा होने के पहले

चाहता हूँ

एक बार चल के जाना

उस जगह

जहाँ सड़क के किनारे

होता था तुम्हारा घर,

गया था मैं

देखने रूप तुम्हारा

इस नादानी में कि

तुम खड़ी मिलोगी मुझे

अपने दरवाजे पर।

​बहरा होने के पहले

चाहता हूँ

कर लेना कर्णस्थ

तुम्हारी पगध्वनि को

जिससे दूर से ही

पता चल जाता है मुझे

कि आ रही हो तुम

मेरे लिए

मेरे पास।

​गूँगा होने के पहले

चाहता हूँ

कहना

तुम्हारे कानों में

फुसफुसाकर—

"बहुत प्यार करता हूँ

तुमसे,

मुझे तुमसे प्यार है।"



​— प्रसाद रत्नेश्वर

   मोतिहारी, बिहार 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका