"सुनो शशि! देखो, दरवाज़े पर घंटी बज रही है। तुम्हारे भैया ही होंगे। ज़रा दरवाज़ा तो खोलो।" भाभी ने आवाज़ लगाई।
"......"। कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
"ओ शशि! सुनाई नहीं दिया क्या? देखो, फिर से घंटी बज रही है!"
"....."।
"हे भगवान! मुझे ही सब देखना पड़ता है।"
भाभी ने दरवाज़ा खोला, "ओह! अरे, आइए-आइए! आप आ गए? और ये आपके साथ कौन हैं?"
"शी... शी...! शशि! अरे ओ शशि! ज़रा बाहर तो आ। देख, मैं तेरे लिए भाई-दूज का तोहफा लेकर आया हूँ।" राजेश ने आवाज़ लगाई।
"आलोक... तुम???"
आलोक को सामने देखकर शशि आश्चर्यचकित रह गई।
"हाँ बहना! देख, यही तो थी न तेरी पसंद, आलोक! यही है मेरी ओर से तेरे लिए भाई-दूज का तोहफा।"
"मगर भैया, आप तो...?"
"हाँ बहना! मैंने तेरी पसंद को एकदम से नहीं स्वीकारा था न। परन्तु मेरी सोने जैसी बहना के लिए हीरे जैसा जीवनसाथी चुनने में आखिर वक्त तो लगता ही है न!
और फिर इस हीरे को भी बिना परखे, बिना कसौटी पर कसे, मैं हाँ कैसे कर सकता था? आखिर मुझे केवल भाई का ही नहीं, एक पिता का दायित्व भी तो निभाना था!"
दोनों अनमोल, मनचाहे तोहफे एक-दूसरे को देखकर मुस्कुरा उठे।
— जितेन्द्र कुमार गुप्ता
सम्पर्क सूत्र: 8818844118
पता: 211-सी, सूर्यदेव नगर, इंदौर (म.प्र.)