सफ़र बाकी है(छंदमुक्त) - विष्णु कुमार

सफ़र
खत्म नहीं हुआ अभी
थोड़ा और चलना बाकी है
मंजिल ढूँढ़ रही है
कहीं भटक न जाएँ हम।
देखो ज़रा सँभल कर
फिसल न जाए पाँव
थाम लो उसके हाथ
थोड़े कठिन हैं ये रास्ते।
लौट जाता है वह मुसाफिर
अक्सर इसी मोड़ से
उसे नहीं पता
मंजिल उससे मात्र
कुछ दूर ही खड़ी है।
थक जाता है वह
यूँ हार जाता है
घिस जाती हैं एड़ियाँ
इस लंबे सफर में।
कतार में खड़े-खड़े
जाम पड़ गए हैं घुटने
खड़ाखच भीड़ और
मुश्किल हो गया है निकलना।
कोई राह नहीं दिख रही
सब खोटा जा रहा है
धैर्य, विश्वास, दृढ़, संकल्प,
मजबूत हौसले।
आँखों में जो थे सपने
वे धुँधले पड़ रहे हैं।
पार कर रही उम्र की सीमा
बुढ़ापे की लहर
बाजुओं में समा रही है।
तो किनारे लगानी होगी नाव
पर मत सोचना यह कि
खत्म हो गया हमारा सफर
चलना तो बाकी है अभी।


— विष्णु कुमार
    पटना, बिहार 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका