खून की पुकार (कविता) - त्रिपुरारी कुमार पाण्डेय

संसार जाग, तू जाग, जाग, हम कहाँ जा रहे हैं, देखो,
करने का फल तो मिलता है, बिन किए पा रहे हैं, देखो।

आकाश खून से पटी हुई, हर दिशा मचाती शोर यहाँ।
हम सोए हैं, अलसाए हैं, अपना चलता है ज़ोर कहाँ।

यह बुद्ध, राम की बस्ती है, हम शांति चाहते, धीर बनें।
भारत, धर्म-गुरु जग के, सब की उज्ज्वल तकदीर बनें।

मैं देख रहा, कोहराम मचा, लाशों से मिट्टी पाटी है।
हर जगह, जहाँ जा रही नज़र, दिख रहा यह हल्दीघाटी है।

क्या हुआ, तू मानव ही है न, क्यों खून बहाता अपनों का?
अरमान तोड़ता तू कैसे, बाला के सुंदर सपनों का?

मैं देख-देख विस्मित होता, क्या यह दिन अपना बाक़ी था?
तू क्या था, क्या बन गया अरे, क्या यही शब्द सुन माँ की था?

न, न, न, न, बिल्कुल न था, तू भूल गया, पथ-भ्रष्ट हुआ।
तेरे ही कारण देख रहा, धरती को इतना कष्ट हुआ।

उठ जाग वीर, हो मत अधीर, तेरे पीछे हम हैं सारे।
तू पकड़, समर्पित कर मुझको, जो घूम रहे हैं हत्यारे।


— त्रिपुरारी कुमार पाण्डेय 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका