विजय प्रताप की बेटी विभा रानी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट विज्ञान की परीक्षा में पूरे बिहार में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
यह समाचार दूरदर्शन केंद्र से प्रसारित हुआ था। समाचार-पत्रों में भी दस टॉपर छात्र-छात्राओं के चित्र सहित समाचार प्रकाशित हुए थे।
सभी लोग खुश थे। सभी विभा रानी को बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दे रहे थे, लेकिन विभा ऐसा परिणाम प्राप्त कर खुश नहीं थी।
"कल से मुझे न जाने क्या हो गया है? मैं जानती हूँ कि मैं गलत सोच रही हूँ। परन्तु मेरी आँखों के सामने दूरदर्शन पर दिख रही प्रथम स्थान पर आई वंदना का नाम दिखाई देता है। मुझे अजीब-सा लगता है मम्मी! ऐसा क्यों है मम्मी?"—कहते हुए विभा अजीब सी हरकतें करते हुए रोने लगती है।
विभा को देख और उसकी बातें सुनकर उसकी माँ घबरा जाती है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि विभा को अचानक क्या हो गया है।
माँ ने विभा के बाबूजी को यह बात बताई।
विजय प्रताप ने कुछ सोचते हुए कहा—"विभा को किसी मनोचिकित्सक से दिखाना पड़ेगा। लगता है इसके दिमाग पर परीक्षा के परिणाम को लेकर गहरा असर पड़ गया है।"
वे लोग विभा को लेकर एक अच्छे मनोचिकित्सक के पास गए।
"ये मेरी बेटी विभा है। यह पूरे बिहार में इंटरमीडिएट विज्ञान की परीक्षा में द्वितीय आई है,"—विजय प्रताप ने मनोचिकित्सक से कहा,—"लेकिन यह परिणाम से खुश नहीं है, अजीब-सी बातें करती है।"
विभा की माँ बीच में बोलीं—"डॉक्टर साहब! ऐसा लगता है कि विभा..."
"आप लोग बाहर बैठकर प्रतीक्षा कीजिए, मैं विभा से पूछ लेता हूँ,"—तभी मनोचिकित्सक ने उनको इशारा करते हुए कहा। दोनों बाहर आकर बेंच पर बैठ गए।
थोड़ी देर में विभा बाहर आई। उसका चेहरा तनावमुक्त था, चेहरे पर हल्की मुस्कान भी थी।
"डॉक्टर साहब ने आप दोनों को अंदर बुलाया है,"—बाहर आते ही विभा ने अपने माता-पिता से कहा।
"ठीक है, चलो!" पिता विभा से बोले।
"उन्होंने सिर्फ आप लोगों को बुलाया है,"—विभा ने बेंच पर बैठते हुए कहा।
दोनों मनोचिकित्सक के कमरे में गए।
मनोचिकित्सक उनको बैठने का इशारा करते हुए बोले—"मैंने आप दोनों को यह बात कहने के लिए बुलाया है कि आपकी बेटी कुछ डिप्रेशन में चली गई है। आप लोग सही समय पर विभा की समस्या को समझकर मेरे पास ले आए। बहुधा बहुत अधिक इंटेलिजेंट बच्चों में यह समस्या पाई जाती है, विभा भी उनमें से ही एक है।"
एक पल रुककर वे फिर बोले—"और एक बात यह है कि विभा को पता न चले कि उसे डिप्रेशन का हल्का अटैक आया है। उसे आप लोगों को समझदारी से हैंडल करना होगा। उसे व्यस्त रखना, योग-प्राणायाम, गीत-संगीत का शौक हो तो गाने सुनना और अधिक समय तक अकेले न छोड़ना, पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना होगा। इसके लिए कोई दवा नहीं खानी है। विशेष परिस्थितियों में जब देखिए कि वह सो नहीं रही है, तो नींद की दवा न बताकर विटामिन बताकर दीजिए।"
विजय प्रताप जी लगभग छह महीने के बाद विभा को मनोचिकित्सक के पास दिखाने ले गए।
उन्होंने विभा को सामान्य अवस्था में देखकर संतोष का भाव लाते हुए कहा—"आपकी देखभाल के बाद विभा अब बिल्कुल सामान्य हो गई है। डिप्रेशन में रोगी को दवा से अधिक देखभाल और प्यार की ज़रूरत होती है।"
— डॉ. सतीश चन्द्र भगत
बनौली, दरभंगा
बिहार, 847428