रात का थका चाँद कहीं छुप-सा गया। तारे भी अपने-अपने ठिकाने पर लौट चले। बादलों के बीच कुछ लाल-लाल-सा रंग धीरे-धीरे उभरने लगा। तभी अपनी मस्ती में मदमस्त, संग हवा के ऊषा इतराते हुए धरा पर उतर आई। सूरज की लाल किरणें दूसरी मंज़िल की खिड़कियों को पार कर कमरे के भीतर सुबह होने का अहसास करा रही थीं। बिस्तर पर लगभग सात-आठ वर्ष की गुरलीन बेसुध-सी सोई पड़ी थी।
तभी रसोई के एक कोने से सदा की तरह आज भी दादी ने आवाज़ लगाई—
“गुरलीन! बेटा गुरलीन! सुबह हो चुकी है।”
गुरलीन कुछ ऊँघती, आँखें मीचते हुए करवट बदलकर दूसरी ओर मुड़ गई।
“गुरलीन बेटा! उठ जा, मेरा प्यारा बेटा! स्कूल जाना है बेटा! जल्दी उठो और मुँह-हाथ धोकर तैयार हो जाओ।”
“उठ रही हूँ, दादी।”
“सुन बेटा! मैंने टिफिन तुम्हारे स्कूल बैग में रख दिया है और डाइनिंग टेबल पर तुम्हारा नाश्ता। मुझे भी अपना सामान भरना है। गुरलीन बेटा! जल्दी करो। हमें बस स्टॉप से ही बस मिलेगी। फिर घर से वहाँ तक हमें पैदल चलकर ही जाना है। तुम झटपट तैयार हो जाओ। कल बस छूटते-छूटते बची। यदि आज भी समय पर हम नहीं पहुँचे, तो स्कूल का गेट बंद ही समझो।”
तभी गुरलीन आँखें मलते हुए पलंग से नीचे उतरी और दादी को ज़ोर से पकड़ते हुए कहने लगी—
“पता है दादी! कल रात मैं बिल्कुल नहीं सो पाई। बार-बार मेरे सपने में पापाजी आ रहे थे। एक-दो दफ़ा तो ऐसे लगा, मानो जैसे वो सामने से मुझे इशारा करके अपने पास बुला रहे हों।”
गुरलीन की बाल-सुलभ जिज्ञासा और हठ उमड़ पड़ी। गुरलीन इतनी अधिक भावुक हो गई कि दादी के गाल को अपनी ओर करते हुए बोल पड़ी—
“दादी, मेरे पापा कहाँ चले गए, कब आएँगे वो? दादी, आप ही तो कहती हैं ना कि वह वाहेगुरु के घर गए हैं? तो कहो ना दादी, मेरे पापा वहाँ से कब लौटेंगे?”
पापा को इस घर से गए हुए आज बहुत समय बीत चुका था।
“दादी, मुझे पापा की बहुत याद आ रही है।”
मासूम गुरलीन के मुख से अपने पापा के बारे में सुनकर दादी की भी आँखें भर आईं, क्योंकि उसने भी आज से एक साल पहले अपने कलेजे के टुकड़े को अपनी आँखों के सामने दम तोड़ते देखा था।
गुरलीन को अपने पास देख दादी ने अपने आपको संभाला और एक ओर मुँह करके कंधे पर रखे अपने दुपट्टे से भीगी आँखों को पोंछते हुए रुंधे गले से गुरलीन का ध्यान उस ओर से हटाकर जल्दी तैयार होने के लिए कहा—
“गुरलीन बेटा! जल्दी तैयार हो जाओ, नहीं तो आज भी हम स्कूल के लिए देर हो जाएँगे।”
गुरलीन जिस स्कूल में पढ़ाई कर रही है, ठीक उसी स्कूल में दादी भी एक आया (सेविका) का काम करती है। दोनों स्कूल के लिए निकलते हैं। गुरलीन की आँखों के सामने रह-रहकर उसके पापा की छवि तैरने लगती है।
गुरलीन अचानक से दादी से कह उठी—
“दादी, मम्मी को अस्पताल में भर्ती हुए आज लगभग तीन महीने हो गए हैं। आप तो मम्मी के पास प्रतिदिन जाती हो। बताओ ना दादी! मेरी मम्मी अभी कैसी है? कब आएगी वह घर?”
उसने फिर बड़ी भावुकता से अपनी दादी से पूछा—
“दादी! क्या आज स्कूल की छुट्टी के बाद हम मम्मी को देखने जा सकते हैं?”
“गुरलीन बेटा! स्कूल की छुट्टी के बाद हम तुम्हारी मम्मी के पास अवश्य चलेंगे। पर अभी हमें तुरंत स्कूल पहुँचना है। इसीलिए बातें बंद करो और जल्दी चलो, कहीं देर हो गई तो बस निकल जाएगी।”
शाम को स्कूल से छुट्टी के पश्चात, दादी गुरलीन को लेकर सीधे शहर के ज़िला चिकित्सालय में पहुँचती है, जहाँ गुरलीन की माँ आईसीयू वाले वार्ड में भर्ती है।
गुरलीन दूर से ही अपनी मम्मी को निहारती है। गुरलीन अपने पापा को खोने के बाद आज अपनी मम्मी को इस हालत में देख, फूट-फूटकर रोने लगती है।
गुरलीन को बिलखते देख, दादी उसे अपनी बाहों में भरते हुए उसके सिर पर हाथ फेरते हुए बोली—
“चुप हो जा बेटा! तेरी मम्मी जल्दी ठीक हो जाएगी, फिर हम उसे जल्दी घर वापस लेकर आ जाएँगे।”
हालाँकि दादी को यह बात पता है कि गुरलीन की मम्मी अब कुछ ही दिनों की मेहमान है, क्योंकि डॉक्टर ने दादी को एक सप्ताह पहले ही यह बात बता दी थी। पर गुरलीन का कोमल मन जीवन की वास्तविकताओं से अनभिज्ञ था।
इधर दादी भी कलेजे में पत्थर रखकर अपने जीवन के सबसे संघर्षपूर्ण और कठिन दौर से गुजर रही थी। उसने जहाँ एक ओर बेटे के रूप में अपने जान के टुकड़े को गँवाया था, आज वहीं दूसरी ओर अपनी बहू को जीवन के अंतिम संघर्ष में जूझते देख वह खुद भी बिखर चुकी थी।
यदि दादी आज ज़िंदा है, तो सिर्फ गुरलीन के वास्ते, नहीं तो वह जीते-जी कब की मर चुकी होती।
दादी किसी तरह अपनी आँखों के समंदर को बहने से रोक, गुरलीन को समझा-बुझाकर घर ले आई। पर न जाने क्यों, गुरलीन मम्मी के पास जाने के लिए दादी से बार-बार ज़िद करने लगी। गुरलीन की ज़िद के आगे आज दादी लाचार थी।
गुरलीन के चाचा-चाची भी इसी शहर में रहते हैं, पर उन्हें गुरलीन से कोई लेना-देना नहीं है। गुरलीन के पापा के इस दुनिया से जाने के बाद और मम्मी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद, गुरलीन की पूरी देखभाल अब उसकी दादी ही करती है।
देखते ही देखते ऐसे ही कुछ महीने बीत गए। गुरलीन बहुत उदास रहने लगी। दादी को गुरलीन की उदासी देखी नहीं जाती। वह गुरलीन को बार-बार प्यार से समझाती और कहती है कि तेरी मम्मी बहुत जल्दी ठीक होकर आ जाएगी। पर गुरलीन का बालमन इसे स्वीकारने के लिए तैयार नहीं था।
वह फूट-फूटकर रोते हुए दादी से कहती—
“पहले भी आप पापा के जाने पर यही कहा करती थीं कि तेरे पापा वाहेगुरु के पास गए हैं, वापस आ जाएँगे। परंतु मेरे पापा अभी तक वापस नहीं आए। उधर आज मम्मी की तबीयत इतनी खराब है, इस पर भी आप कहती हैं कि वह जल्दी ठीक हो जाएगी।”
गुरलीन को बिलखती देख, दादी खुद को संभाल न पाई। वह गुरलीन को पकड़कर खुद भी ज़ोर-जोर से रोने लगी।
इस तरह कुछ महीने और बीत गए। दादी ने अपनी पूरी कोशिश से शहर और शहर के बाहर गुरलीन की मम्मी का हरसंभव इलाज करवाया, पर उसकी मम्मी की तबीयत में कोई सुधार नहीं आया, बल्कि दिन-प्रतिदिन तबीयत और भी अधिक बिगड़ती ही चली गई।
दादी अक्सर स्कूल की छुट्टी के बाद गुरलीन को पड़ोस के घर में छोड़ आती, फिर वहाँ से अस्पताल जाकर कुछ घंटे गुरलीन की मम्मी की देखभाल करती।
एक शाम सूरज ढलने को था। गुरलीन अपने पड़ोस के बच्चों के साथ घर के आँगन में खेल रही थी। तभी अचानक दादी के पास एक अनजान फ़ोन कॉल आया। दादी ने जैसे ही फ़ोन को अपने कान से लगाया, वह एकाएक चीख पड़ी और अपनी छाती पीट-पीटकर ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी—
“गुरलीन, तेरी मम्मी..! बेटा गुरलीन! तेरी मम्मी..!”
कहते-कहते दादी धड़ाम से ज़मीन पर औंधी, बेसुध हो गिर पड़ी।
गुरलीन की आँखें फटी की फटी रह गईं। अपनी मम्मी की मौत की ख़बर सुनकर गुरलीन पथरा-सी गई। ढलती शाम के साथ उसके भी जीवन के आगे घोर अँधेरा छा गया।
आज गुरलीन की मम्मी को गुज़रे हुए दो वर्ष बीत चुके हैं। दादी और वो दोनों एक-दूसरे के पूरक और हमसफ़र बनकर साथ-साथ रह रहे हैं।
भले ही गुरलीन का बचपन, उसका चहकना, खिलखिलाना, उसके सपने, अरमान, आशाएँ लगता है कि कहीं दूर... पीछे कुछ समय के लिए रूठकर ज़रूर ठहर-से गए हैं, लेकिन परिवर्तन की सकारात्मक संभावनाएँ भविष्य की गर्भ में अभी भी बाकी हैं।
डॉ. पी. यादव 'ओज',
झारसुगुड़ा, ओडिशा