दो आखर जो पढ़ी बेटियाँ,
सोपानों पर चढ़ी बेटियाँ।
रख देती हैं भय को उतार,
और नापती सारा संसार।।
संबंधों का पावन बंधन,
महक रही वो बन के चंदन।
मन संजीदा, आँखियाँ चंचल,
लगती वह तो पाखी खंजन।
हर दिन को बनाती त्योहार,
फिर भी लगती जगत को भार!
मौन नहीं अब उसको रहना,
व्यथा हृदय की खुल के कहना।
मनमौजीपन वह भी चाहे,
ढूँढ़ रही वो अपनी राहें।
सत्य है जीवन का आधार,
करती व्रत रह के निराहार।
होती मर्यादा की वाहक,
आजीवन वह रहती साधक।
कहलाती वह घर की रानी,
बालपन से होती सयानी।
समझे खूब जीवन का सार,
ममता की वो अगम आगार।।
— साधना कृष्ण
वैशाली, बिहार