जलते दीपक ज्ञान का, मन में भरे उजास(दीपावली विशेष रचना) - साधना कृष्ण

जलते दीपक ज्ञान का, मन में भरे उजास।
उपजे मन में प्रेम तो, हो अतिशय उल्लास।।

जिस घर में है तीरगी, एक दिया दो बार।
स्मित अधर आए तभी, हो गायब अँधियार।।

रात अमावस को करे, झिलमिल दीप प्रकाश।
तभी कालिमा भागती, पसरे अगर उजास।।

अंधेरे से भागना, बना जगत की रीत।
हर्षित हो गाते सभी, शुभ अभिलाषा-गीत।।

पर्व महज मत मानिए, यह शुभेच्छा जान।
करो याचना ईश से, सबको अपना मान।।

अंधेरा हरता सदा, प्रज्ज्वलित हो दीप।
कर सहयोगी सा बढ़ा, आते सभी समीप।।

कटुता के अस्तित्व को, जाना बिल्कुल भूल।
गाथा गाना प्रेम का, जीवन का बने उसूल।।


— साधना कृष्ण
हाजीपुर, बिहार 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका