भीतर का दीप (दीपावली विशेष रचना) - तेज नारायण राय

इस बार दीपावली में
दीया नहीं जलाऊँगा सिर्फ,
उसकी लौ में
अपने अहंकार को जलाऊँगा।

दीया जलाने से
घर-आँगन तो होता है रोशन,
पर मन कहाँ होता है प्रकाशित,
जहाँ पलता हो अहंकार,
ईर्ष्या, विद्वेष और स्वार्थ—
जिन्हें पाला था साल भर,
उपकार की छाती पर बोए थे
विषधर और काँटे,
जो तिरस्कार के शब्दों में
अक्सर उतर आते थे।

जब भी लौटना चाहता था
रिश्तों के गाँव में,
मासूम मुस्कान की छाँव में,
नहीं छूटती थी
मलिन मन की कालिख।

तब देहरी पर
दीया तो जलता था
निर्विकार आँखों-सा...
उस दीये में तेल भी जल रहा था,
बाती भी जल रही थी,
पर मन में जमा
अत्याचारों और विद्वेष का अँधेरा
कहाँ मिट पा रहा था!

अब ऐसी रोशनी चाहिए
जो पहले मेरे मन में उतरे,
मैं स्वयं प्रकाशित होऊँ,
मेरा घर-आँगन सचमुच रोशन हो,
और उस उजास से
दुनिया को दे सकूँ
एक अच्छा संदेश।

इसके लिए
मर्यादा पुरुषोत्तम राम की राह पर
चलना होगा मुझे।


— तेज नारायण राय
ग्राम: कुल्हड़िया, पोस्ट: भैरवपुर, थाना: जामा, जिला: दुमका (झारखंड)
सम्पर्क सूत्र: 6207586995

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका