अमरकांत और विवेक दो भाई थे। अमरकांत सरकारी नौकरी में था। विवेक अपने गाँव में ही पुश्तैनी मकान में रहता था।
अमरकांत के पिता धर्मवीर प्रसाद की मृत्यु पाँच वर्ष पहले हो चुकी थी। अपनी पुश्तैनी ज़मीन बेचकर अमरकांत पटना शहर में ही बस गया था। छोटे भाई विवेक से ज़मीनी झंझट होने के कारण बोलचाल भी बंद हो गई थी।
जब विवेक सख़्त बीमार हो गया और वह बच नहीं पाया, उस घड़ी में भी अमरकांत अपने छोटे भाई की तेरहवीं तक नहीं आया था।
विवेक की पत्नी सुनंदा अपने बच्चों की देखभाल जैसे-तैसे कर रही थी। बेटी प्रिया की शादी तय हो गई थी। बेटा राहुल इंटरमीडिएट का छात्र था।
राहुल के मामा ने कहा था—
"प्रिया का कन्यादान उसकी मामी और मैं कर दूँगा।"
यह सुनकर सुनंदा ने कहा था—
"जब इसके बड़े पापा अमरकांत कन्यादान के लिए तैयार नहीं होंगे, तब आप लोग ही कर देंगे।"
राहुल विवाह का निमंत्रण-पत्र लेकर पटना अपने बड़े पापा के पास गया। बेल बजाने पर अमरकांत प्रसाद की पत्नी सुभद्रा गेट पर आई। राहुल ने विवाह का निमंत्रण-पत्र उनके हाथ में थमाया। सुभद्रा उसे अंदर बुलाकर सोफे पर बैठने के लिए बोली।
अमरकांत भी तब तक अपने घर आ गए। शादी का कार्ड देखते ही उन्होंने पूछा—
"घर में सभी लोग ठीक तो हैं न?"
"प्रिया का कन्यादान कौन करेंगे?"—सुभद्रा ने पूछा।
"मम्मी ने मामा जी से कहा था—'जब प्रिया के बड़े पापा कन्यादान के लिए तैयार नहीं होंगे, तब आप लोग कन्यादान करेंगे।'..." राहुल ने उत्तर दिया।
"विवेक की मृत्यु के बाद हमने छोटे भाई के परिवार से ताल्लुक नहीं रखा, लेकिन प्रिया की माँ अकेली अपने बच्चों को संभाल ली। अब किस मुँह से कहूँ कि प्रिया का कन्यादान हमलोग करेंगे?"—अमरकांत ने सुभद्रा से कहा।
सुभद्रा ने कहा—
"मुँह दिखाने की आवश्यकता नहीं, दिल दिखाने की आवश्यकता है। आज शादी में हमलोग नहीं जाएँगे, तो ये दूरियाँ कभी नहीं मिटेगीं। प्रिया आपकी बेटी जैसी है। हम सब चलेंगे बिटिया का कन्यादान करने।"
"तुम ठीक कहती हो सुभद्रा! यही अवसर है परिवार मिलन का।"—अमरकांत ने उत्तर दिया।
राहुल खुश होकर अपने बड़े पापा और बड़ी मम्मी के चरण-स्पर्श करते हुए वहाँ से ट्रेन पकड़ने के लिए पटना जंक्शन की ओर चल दिया।
अमरकांत सपरिवार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गाँव पहुँचे, तो सुनंदा भावुक हो गई। उसने बड़ी आत्मीयता से उनका स्वागत किया।
प्रिया को जैसे ही मालूम हुआ कि बड़े पापा भी आए हैं, उसे विश्वास नहीं हुआ।
"मुझे उम्मीद नहीं थी, बड़े पापा! आप आएँगे मेरा कन्यादान करने।"—प्रिया ने बड़ी मम्मी और बड़े पापा के चरण-स्पर्श करते हुए कहा।
"आता कैसे नहीं, प्रिया! मेरी प्यारी बिटिया प्रिया का कन्यादान तो पापा ही करेंगे न।"
—प्रिया को हृदय से लगाते हुए अमरकांत ने कहा था।
— डॉ. सतीश चन्द्र भगत
03/11/2026
बनौली, दरभंगा (बिहार) - 847428