जहरीली हवा, घुटती ज़िंदगानी, दोस्तों!(कविता) - अशोक दर्द

जहरीली हवा, घुटती ज़िंदगानी, दोस्तों!
यही है नए दौर की कहानी, दोस्तों।।

पर्वतों पे देखो, कितने बाँध बन गए!
जवाँ नदी की गुम हुई रवानी, दोस्तों।।

विज्ञान की तरक्कियों ने चिड़ियाँ मार दीं,
अब भोर चहकती नहीं सुहानी, दोस्तों।।

चारों ओर धुएँ की हैं परतें जम रहीं,
अंबर से बरसेगा ज़हरीला पानी, दोस्तों।।

बर्बादियाँ निशान अपने छोड़ जाएँगी,
कुदरत पे कब्ज़ा करने की जो ठानी, दोस्तों।।

कुदरत के कहर बढ़ गए हैं आज उतने ही,
जितनी बढ़ी लोगों की मनमानी, दोस्तों।।

पेड़ थे, परिंदे थे, झरते हुए झरने,
किताबों में रह जाएगी कहानी, दोस्तों।।

बंजर धरा, विषैला पानी और यह धुआँ,
इक दिन करेंगी सभ्यताएँ फ़ानी, दोस्तों।।

कुदरत जो रूठ गई आदमी के स्वार्थ से,
तो न बचेगा राजा, न ही रानी, दोस्तों।।


— अशोक 'दर्द'
डलहौजी, चंबा (हिमाचल प्रदेश)

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका