बुढ़ापे की लाठी(लघुकथा) - सिद्धेश्वर

बेड नंबर ३७ के वृद्ध मरीज़ को देखकर नर्स सोनी थोड़ी चिंतित हो गई थी। आज शाम उसकी आँख का ऑपरेशन है, और साथ में कोई परिजन नहीं।
इंजेक्शन लगाने के बाद उसने पूछा, “बाबा, ऑपरेशन तो आज ही है। कोई अपना क्यों नहीं है आपके साथ?”
“सिस्टर, बुढ़ापे में सगे भी बेगाने हो जाते हैं,” वृद्ध ने ठंडी साँस भरते हुए कहा। “एक बेटी है, मगर उसे घर ऐसा मिला कि आना आसान नहीं।”
“और पत्नी?”
“हाँ, मेरी पत्नी ममता। अपने भाई के बेटे की शादी पर गई थी। वहाँ जाते ही बीमार पड़ गई।”
सोनी ने कुछ देर चुप रहकर पूछा, “कोई बेटा...?”
वृद्ध ने लंबी साँस ली।
“ऐसे बेटे से तो निर्वंश होना बेहतर है। शादी होते ही रंग बदल लिया। हमें छोड़कर शहर चला गया, यह कहकर कि प्राइवेसी चाहिए।”
नर्स ने सिर झुकाए सुना।
वृद्ध धीरे-धीरे बोलता रहा, “मोबाइल पर कहा, ‘सॉरी पापा, छुट्टी नहीं मिल रही। ऑपरेशन करवा लीजिए, पैसे भेज दूंगा।’ उसकी आवाज़ अब भी कानों में गूँजती है।”
नर्स कुछ कहने ही वाली थी कि दरवाज़े की तरफ़ कुछ हलचल हुई।
एक वृद्धा हाँफती हुई भीतर आई, चलते-चलते एक पल के लिए घुटनों पर हाथ रखकर साँस सँभाली, फिर सामने खड़ी हो गई।
वृद्ध चौंक पड़ा। “ममता? तुम तो ख़ुद बीमार थीं… इस हालत में क्यों चली आईं?”
वह मुस्कुराई, उसका हाथ थामते हुए बोली,
“मेरी तबीयत अब बिल्कुल ठीक है जी! ऑपरेशन की ख़बर मिलते ही भागी चली आई। बेटा नहीं आया तो क्या, पर मैं कैसे रुक जाती? आख़िर हम दोनों एक-दूसरे के लिए बुढ़ापे की लाठी हैं न!”


— सिद्धेश्वर
   पटना, बिहार 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका