घायल रानी (लघुकथा) - डॉ. प्रीति सुमन

एक चरवाहा था, जो अपनी बकरियों के झुंड पर गर्व से फूला न समाता था। बचपन से इसी पेशे में होने के कारण वह बकरियों की नस्ल और उनकी सेहत का ऐसा उस्ताद था कि उसकी पाली हुई बकरियां आम बकरियों जैसी नहीं, बल्कि डील-डौल में किसी ताकतवर शेरनी जितनी बड़ी और चौड़ी हुआ करती थीं। ऊँची-ऊँची पहाड़ियों की हरी घास खाकर पली वे बकरियां जब शान से चलतीं, तो किसी को भी भ्रम हो सकता था।

​इसी अभिमान में चरवाहा मन ही मन इतराता रहता था कि दुनिया में उससे बड़ा पशुपालक कोई नहीं है।

​एक दिन, जब वह पहाड़ियों के बीच अपनी बकरियां चरा रहा था, उसकी नजर झाड़ियों के पास पड़ी एक अधमरी, घायल शेरनी पर पड़ी। पहले तो उसकी रूह काँप उठी, पर अगले ही पल उसका पुराना अहंकार जाग गया। उसने मन में सोचा— "जब मैं इतनी बड़ी-बड़ी और ताकतवर बकरियां संभाल लेता हूँ, तो आकार में तो यह शेरनी भी लगभग उतनी ही बड़ी है! बात सिर्फ नियंत्रण की है।"

​अपने इसी झूठे गुमान और दुसाहस के बल पर, उसने हिम्मत जुटाई। बेहोश पड़ी शेरनी के घावों पर मरहम-पट्टी की और अपनी बकरियों की तरह उसके गले में भी एक मजबूत रस्सी कस दी। इसके बाद, वह उसके होश में आने का इंतजार करने लगा।

​कुछ देर बाद जब शेरनी की आँखें खुलीं, तो उसने अपने गले में फंसी रस्सी और खुद को एक इंसान के अधीन पाया।

​शेरनी के भीतर सुसुप्त पड़ी जंगल की ताकत एकदम से जाग उठी। उसने उठने की कोशिश की, तो गले की रस्सी उसे चुभने लगी। उसने गुस्से से गुर्राना शुरू किया, लेकिन अपनी आदत से मजबूर अभिमानी चरवाहे ने अपनी फितरत नहीं छोड़ी। उसने अपनी पतली छड़ी तानते हुए उसे हांकने की कोशिश की— "चल, सीधी खड़ी हो... जैसे बाकी बकरियों को साधता हूँ, तुझे भी साध लूँगा!"

​चरवाहे की यह ढिठाई देखकर शेरनी की आँखों में आग भड़क उठी। उसने अपनी पूरी ताकत लगाकर एक झटके में रस्सी को झटक दिया। चरवाहे के हाथ से छड़ी छूटकर दूर जा गिरी।

​अब अहंकार, भय में बदलने लगा था। चरवाहे ने पीछे हटना चाहा, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शेरनी ने अपनी पैनी नजरों से उसे घेरा और एक भयानक हुंकार से पहाड़ों को दहला दिया। उस खौफनाक आवाज को सुनते ही 'मैं-मैं' करती उसकी सारी पालतू बकरियां अपनी रस्सियाँ और ठिकाना भूलकर पहाड़ों के बीच हवा हो गईं।

​चरवाहे ने अपनी जान बचाने के लिए झाड़ियों और पत्थरों का सहारा लेकर भागने का असफल संघर्ष किया, लेकिन जंगल के असली रानी के सामने उसका वह सारा घमंड और अनुभव एक पल में दम तोड़ गया।

संदेश: अनुभव और क्षमता का सम्मान होना चाहिए, लेकिन अज्ञानता और अहंकार जब अति पर पहुँच जाए, तो वह अपनी ही तबाही का रास्ता खुद चुनता है।


- डॉ. प्रीति सुमन 

सीतामढ़ी, बिहार 



1 टिप्पणियाँ

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका