माँ धरती आकाश पिता है(कविता)— अर्जुन प्रभात

माँ धरती आकाश पिता है,
मन का दृढ़ विश्वास पिता है।
जीवन के तपते मरुथल में
मधु ऋतु का आभास पिता है।।

पिता नेह की शीतल छाया
और प्रेम का पावन मधुवन,
जीवन के इस कुरुक्षेत्र में
नंद-यशोदा का वृंदावन।
त्याग, तपस्या और साधना
का पावन इतिहास पिता है।
मां धरती आकाश पिता है,
मन का दृढ़ विश्वास पिता है।।

पिता मूल परिवार वृक्ष का
त्याग-तपस्या की यह गाथा,
जहां पहुंच कर सहज भाव से
देवों का झुकता है माथा।
मानव जीवन की कविता में
सद्गुण का अनुप्रास पिता है।
मां धरती आकाश पिता है,
मन का दृढ़ विश्वास पिता है।।

झूठे चारों धाम धरा के
झूठे जग के तीरथ सारे,
सच्ची मात-पिता की सेवा
जीवन के ये सत्य सहारे।
मानव की सुंदर काया में
सांसों का उच्छ्वास पिता है।
मां धरती आकाश पिता है,
मन का दृढ़ विश्वास पिता है।।

- अर्जुन प्रभात 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका