सुनर बेटी (लोककथा पर आधारित कहानी) - किरण परशुराम चतुर्वेदी

दिल्ली हो या जमुई या हाथरस, आजकल ऐसी घटनाएं जैसे आम हो गई हैं, जो बेहद शर्मनाक हैं। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा तो हर गली-चौराहे पर देखने को मिल जाता है, लेकिन उसमें छिपी माता-पिता की विवशता को कौन देखेगा? पता नहीं। हम भारतीय यदि किसी इंसान को सबसे भद्दी गाली देते हैं, तो उसे 'राक्षस' कहते हैं। लेकिन सोचने की बात यह है कि वे राक्षस भी किसी स्त्री को छूने से पहले उसकी इच्छा का सम्मान करते थे, चाहे वह चंड-मुंड हो या दशानन। पर आज के इन सेंगर, मुकेश और बंटी जैसे लोगों को क्या कहें, समझ नहीं आता। अब तो लड़की होने से इतना डर लगता है कि कहीं मां की सुनाई कहानी "सुनरी बेटी" सच न होने लगे।  
मां एक कहानी सुनाया करती थीं:
नदी किनारे एक गांव में एक भरा-पूरा परिवार रहता था, जिसमें माता-पिता के साथ दो भाई—रामप्रवेश और रामसूरत थे। बहुत मिन्नत-मनौती के बाद एक बहन हुई, जिसका नाम 'सुनर' (सुनरी) था। सब आपस में घुल-मिलकर खुशी-खुशी रहते थे। रामप्रवेश अपने बाबूजी के साथ कोलकाता से कमाकर पैसे भेजता था और मां घर पर सब्ज़ियां उगाने के साथ-साथ गाय-भैंस का दूध बेचती थी। ये दोनों छोटे भाई-बहन भी मां के काम में हाथ बटाते थे।  
दशहरा के दिन सब एक साथ जुटे थे और गांव-घर के लोग भी मिठाई खाने आ-जा रहे थे। तभी हंसी-मजाक में बड़ी बहू (भाभी) बोलीं, "अगर मां हमारे देवर जी (बबुआ जी) की शादी करा दें तो कितना अच्छा हो! हम देवरानी के साथ मेला देखने जाते और आप भी दो-दो बहुओं की सास कहलातीं।" यह सुनकर सब हंसने लगे।  
मां ने आंख मारते हुए कहा, "क्या रामसूरत, कल लड़की देखने चलें?"
तभी छोटा भाई रामसूरत बोला, "ना मां! हम किसी दूसरी से शादी नहीं करेंगे, हम तो अपनी सुनरी से करेंगे। वह क्या किसी हीरोइन से कम है?"  
सब यह कहकर हंसने लगे कि "अरे पगला गया है, समझ नहीं आ रहा कि क्या कह रहा है..." लेकिन सुनरी की हंसी रुक गई। वह एकदम लजा गई और उसकी आंखों से आंसू बहने लगे।  
रामसूरत सुनरी को रोता देख अपने गमछे से उसके आंसू पोंछने लगा और बोला, "क्या हो गया बुचिया, तू मत रो! तुझे परदेस घुमाएंगे, तू जो कहेगी वह दिलाएंगे..."  
इतना सुनते ही सुनरी जैसे आग में झुलस गई। वह झट से दुपट्टा उठाकर नदी की ओर चल दी और यह देख पूरा परिवार उसके पीछे पुकारता हुआ भागा। जब सुनरी नाव लेकर बीच मझधार में जाने लगी, तो मां ने पुकारा:  
"लौटी आव, लौटी आव सुनर बेटी, भईया मनइबो हो... नइया धीरे चली।'
तब बिटिया ने कहा, "अबले तू रहलू माई हमार, अब भइलू सासू हमार... नइया डूबी चली।"
  
तब बाबूजी बोले, "लौटी आव, लौटी आव सुनर बेटी, भईया मनइबो हो... नइया धीरे चली।'
तब वह बोली, "अबले तू रहल बाबूजी हमार, अब भइल ससुरु हमार... नइया डूबी चली।"
  
फिर बड़ा भाई बोला, "लौटी आव, लौटी आव सुनर बहीनी, भईया मनइबो हो... नइया धीरे चली।'
तब वह बोली, "अबले तू रहल भईया हमार, अब भइल भसुरु हमार... नइया डूबी चली।"
  
अब बेचारी भौजाई ने हाथ जोड़े, "लौटी आव, लौटी आव सुनर बबूनी, भईया मनइबो हो... नइया धीरे चली।'
तब उसने कहा, "अबले तू रहलू भाभी हमार, अब भइलू गोतीनी हमार... नइया डूबी चली।"
  
अब वह मुंहझौंसा आगे आया और रोते हुए बोला, "लौटी आव, लौटी आव सुनर बहीनी, माफ कर द... नइया धीरे चली।'
तब छोटी बहन/सुनरी रोकर बोली, "अबले तू रहल भईया हमार, कइसे कहब पियावा हमार... सुनर डूबी चली।"
  
यह कहकर वह नाव से नदी में कूद गई। जब तक मल्लाह उसे तैरकर बाहर लाता, तब तक उस बेचारी की सांसें थम चुकी थीं। मां तो यह देखते ही 'हाय-हाय' करके गिर पड़ीं और बेटी के गम में प्राण त्याग दिए। पीछे पिता के साथ पूरा परिवार छाती पीटता रह गया। आगे कोई दूसरी 'सुनरी' इस तरह न मरे, इसलिए गांव वालों ने रामसूरत को गांव से बाहर निकाल दिया।  
मां की यह कहानी आजकल के हालात देखकर महज़ एक कहानी नहीं लगती। क्योंकि बच्चियों की पढ़ाई के लिए पैसे न होने पर ये गांव-जवार और मोहल्ले के भाई-बंधु पैसे देकर मदद नहीं करते, न ही दहेज के लिए जलाए जाने पर उन दरिंदों के मुंह पर पैसा फेंकते हैं। पर यदि गलती से भी कोई लड़की अकेले किसी दोस्त के साथ दिख जाए, तो इनका भाईचारा, गांव की इज्जत और मोहल्ले की बदनामी सब उत्तल लेंस की तरह बढ़ा-चढ़ाकर दिखने लगती है। लेकिन उस दोस्त की जगह यदि ये खुद हों, तो इनके सारे लेंस खराब हो जाते हैं।  
आजकल कुछ दिनों से एक गाना चल रहा है: "भेष बदल नर का रावण लांघ रहा लक्ष्मण रेखा..."। पर सच पूछिए तो, क्या ये लोग रावण कहलाने के भी लायक हैं?  


- किरण परशुराम चतुर्वेदी 
    भभुआ, बिहार 



(संपादकीय नोट: यह रचना पारंपरिक लोक-स्मृति 'सुनरी बेटी' के माध्यम से वर्तमान समय में बेटियों की असुरक्षा और समाज के दोहरे चरित्र पर तीखा सवाल खड़ा करती है।)

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका