राखी के धागे में प्यार बसा है,
प्यार बसा है, संसार बसा है।।
रिश्ता यह भाई-बहन का पावन,
अति सुकोमल और मनभावन।
इसमें पूरा परिवार बसा है,
प्यार बसा है, संसार बसा है।।
सुखी रहे भाई, बहना यह चाहे,
भाई भी अपनी प्रतिज्ञा निभाए।
आशीष में छुपा दुलार बसा है,
प्यार बसा है, संसार बसा है।।
सदा बना रहे भाई-बहन का नाता,
खुशियों का झूला झुलाए विधाता।
जीवन के रिश्तों का सार बसा है,
प्यार बसा है, संसार बसा है।।
— अर्जुन प्रभात
कवि,लेखक , समीक्षक
पद्य और गद्य की दर्जनों पुस्तकें प्रकाशित।
मंदाकिनी जैसी प्रतिष्ठित पत्रिका का लंबे समय तक संपादन।
संप्रति - एक इंटरमीडिएट कॉलेज में प्राचार्य ।