सत्ता में हूँ और रहूँगा,
नहीं किसी से कभी डरूँगा॥
राजनीति कोई खेल नहीं है,
जनता में तो मेल नहीं है।
लड़ा-लड़ाकर आपस में ही,
अपना स्वार्थ साधने में ही,
मूर्ख बना भोली जनता को,
रहने नहीं चैन से दूँगा।
सत्ता में...
जनता में दूँ हरदम भाषण,
कभी-कभी दे देता राशन।
जो मेरे पीछे चलता है,
वह नैसर्गिक सुख पाता है।
जनहित की आवाज़ लगाने
वालों को मैं ख़ूब सजाऊँगा।
सत्ता में...
नहीं चाहिए अफ़सर अड़ियल,
मुझे चाहिए जो हो सड़ियल,
खाए और खिलाए हरदम,
साथ न छोड़े वह मरते दम।
किंतु कभी धोखा देने पर
उसको कभी नहीं छोड़ूँगा।
सत्ता में...
प्रतिनिधि हो तो मेरे जैसा,
बोली बोले मेरे जैसा,
आज्ञा-पालन सदा करे वह,
जब तक चाहे सुखी रहे वह।
यदि कभी मेरे अवगुण को
खोजा, उसका त्याग करूँगा।
सत्ता में...
मम आज्ञा से पत्ता हिलता,
बिनु आज्ञा नहीं भत्ता मिलता,
एकोऽहं द्वितीयो नास्ति,
प्रतिद्वंद्वी की याद सताती।
मित्र न कोई, शत्रु न मेरा,
जो जैसे आए, निपटूँगा।
सत्ता में...
घोटाले का नाम हमेशा,
रटता रहे विपक्ष हमेशा,
नहीं दूध का धोया वह भी,
थोड़ा-बहुत चुराया वह भी।
फिर भी पेट नहीं भरने पर,
चाँदी के जूते मारूँगा।
सत्ता में...
शासन करने का आदी हूँ,
क्या मैं कोई अपराधी हूँ?
बचा कौन, जो चोर नहीं है,
फिर उन पर क्यों ज़ोर नहीं है?
लाख मुसीबत आने पर भी,
तनिक नहीं मैं तो डोलूँगा।
सत्ता में...
मेरा अंत चाहने वालो,
भला देश का करने वालो,
सुन लो कान लगाकर अब भी,
राजा आज, और था तब भी।
मैं न तजूँगा मरने पर भी,
बनूँ भूत, फिर राज करूँगा।
सत्ता में...
— चन्द्रिका प्रसाद सिंह, सभापति
बिहार पेंशनर समाज, मधुबन
(पूर्वी चम्पारण)