कब दिल में तुझे पाने की चाहत नहीं होती (ग़ज़ल) - अशोक श्रीवास्तव

कब दिल में तुझे पाने की चाहत नहीं होती,
मिलने की मगर कोई भी सूरत नहीं होती।

ईमान के सच्चे हैं जो, उन बंदों की अक्सर
एहसान-फ़रामोशी की फ़ितरत नहीं होती।

जिस रात पिला देता है आँखों से ही साक़ी,
घर लौट के फिर जाने की हालत नहीं होती।

हों ख़्वाब सभी पूरे, बुलंदी भी हो हासिल,
हर एक की ऐसी भी तो क़िस्मत नहीं होती।

देता है समझबूझ के वो कोख में बेटी,
हर बाप के हिस्से में ये रहमत नहीं होती।

हो साथ बुज़ुर्गों का, मिलें उनकी दुआएँ,
इस दौर के बच्चों में ये ग़ैरत नहीं होती।

तिल-तिल के लिए बाप को पड़ जाता है बिकना,
आँगन से यूँ ही बेटी तो रुख़सत नहीं होती।


— अशोक श्रीवास्तव
  रायबरेली, उत्तर प्रदेश 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका