दशहरा (बाल कविता) - अतुल रॉय

ना रहा रावण, ना लंका,
बज रहा ख़ुशी का डंका।
राम जी ने तीर चलाया,
अहंकारी रावण को मिटाया।

भीड़ों से भरी हैं गलियाँ,
देवी पे चढ़ रही कलियाँ।
सज रहे गली और दुकान,
पक रहे नए पकवान।

हर मुख पर छाई है लाली,
आरती पर बज रही ताली।
क्या खूब पंडाल बनाया,
दुर्गा-नवरूप दर्शाया।

नए कपड़ों में बच्चे प्यारे,
लग रहे हैं राजदुलारे।
बिक रहे हैं चाट-सिंघाड़े,
टूटे हैं जिस पर सारे।

हो रहा है ठेलम-ठेली,
जीवन की नई पहेली।
यह नई उमंग है लाती,
इसलिए दशहरा कहलाती।

— अतुल रॉय

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
बोधायन पत्रिका
बोधायन पत्रिका